जमशेदपुर : टेल्को स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर, सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष पुष्पा तिर्की, गीता कौर और आदित्य सिंह को पुलिस ने मध्यप्रदेश में छापेमारी करके गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोर्ट में प्रस्तुत करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर बुधवार को जमशेदपुर लाया गया। इसका खुलासा सिटी एसपी सुभाषचंद्र जाट ने प्रेसवार्ता करके किया।
11 दिनों के बाद हुई गिरफ्तारी
आरोपियों की गिरफ्तारी जिला पुलिस टीम की ओर से घटना के 11 दिनों के बाद की गई है। इसके लिए एएसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। घटना के बाद से ही आरोपियों का मोबाइल पुलिस ने ट्रैक में लगा दिया था। पुलिस को जैसे ही मोबाइल काक सही लोकेशन मिला उसके बाद छापेमारी टीम को भेजा गया। पुलिस टीम ने आरोपियों को सिंहरौली के माला से गिरफ्तार किया है। अभी टोनी सिंह पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
6 जून को किया गया था मामला दर्ज
घटना के संबंध में 6 जून को टेल्को थाने में मामला दर्ज कराया गया था। छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के मामले में 5 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें हरपाल सिंह थापर, उसकी पत्नी पुष्पारानी तिर्की, वार्डन गीता कौर, उसका बेटा आदित्य और टोनी सिंह को बनाया गया था।
दो नाबालिग के लापता होने पर खुला भेद
टेल्को स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट से दो नाबालिग लड़किया लापता हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को बिरसानगर से बरामद किया था। दोनों नाबालिग लड़कियों ने पुलिस को बताया था कि ट्रस्ट संचालक हरपाल सिंह थापर उसके साथ अश्लील हरकत करता था। पहनने के लिए उसे कपड़ा नहीं देता था। इसके बाद भेद खुला था और मामला पुलिस तक पहुंचा था।