जमशेदपुर : मास्क लगाकर ही अपने घर से निकलना है इसकी घोषणा कोरोना काल की शुरूआत में ही कर दी गयी थी, लेकिन लोग अब भी इसको लेकर जागरूक नहीं हैं। जमशेदपुर शहर की बात करें तो यहां पर पुलिस की ओर से सख्ती किए जाने के कारण ही बाइक चालक मास्क लगाने का काम कर रहे हैं। कुछ चालकों को तो पुलिस को देखकर मास्क लगाते हुए भी देखा गया। हालाकि शुरूआती दौर में पुलिस ज्यादा सख्ती नहीं कर रही है। सिर्फ चेतावनी देकर ही बाइक चालकों को छोड़ दे रही है, लेकिन अभियान का जब दूसरा चरण शुरू होगा, तब पुलिस किसी की एक नहीं सुनेगी।
नियम का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने आज तीसरे दिन भी शहर में मास्क चेकिंग अभियान चलाया। मास्क नहीं लगाने वालों में महिलाओं की संख्या ज्यादा देखा जा रहा है। महिलाओं को बाइक के पीछे बगैर मास्क के ही बैठे हुए देखा गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि चेकिंग अभियान से मास्क लगाने वाले बाइक चालकों में बढ़ोतरी हुई है। अभी यह अभियान जारी रहेगा।