जमशेदपुर : पटमदा प्रखंड में धान रोपनी का कार्य करीब समाप्त हो गया है। खेती के कार्य से फुर्सत मिलने के बाद किसान फसल को किस प्रकार सुरक्षित रखा जाए इसको लेकर प्रयास कर रहे हैं। पटमदा प्रखंड में खेती कार्य का कुल अच्छादन विभाग के आंकड़े के अनुसार 77 प्रतिशत अंकित किया गया है। कृषि के लिए प्रसिद्ध पटमदा प्रखंड में किसानों की ओर से धान रोपनी का काम पूरा कर लिया गया है।किसानों की ओर से धान की फसल को बचाने के लिए कई तरह से प्रयास किया जा रहा है। जनसेवक अमर पांडेय ने बताया की विभाग के द्वारा 14 हजार हेक्टेयर कृषि का लक्ष्य दिया गया था। इसमे से कृषि का 11 हजार दो सौ पचास हेक्टेयर कुल अच्छादित किया गया है।वर्षा की मात्रा समय से होने के कारण किसान खेती कार्य भी समय पर संपादित कर चुके हैं। वर्तमान में फसल की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि पैदावार अच्छी हो सकती है।