चाईबासा : चक्रधरपुर वार्ड संख्या एक स्थित गुड़िचा मंदिर प्रांगण में दुर्गापूजा केंद्रीय समिति की एक बैठक हुई। बैठक में पुरानी कमेटी भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से विधायक सुखराम उरांव को अध्यक्ष चुना गया जबकि संरक्षक में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, अशोक प्रधान को रखा गया। उपाध्यक्ष संजय पासवान, सचिव बिनय बर्मन, सह सचिव अनुप कुमार दूबे, कोषाध्यक्ष पवन केजरीवाल को मनोनीत किया गया।कार्यकारिणी सदस्य में सभी पूजा पंडाल के अध्यक्ष और सचिव को रखा गया है। मौके पर केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सह विधायक ने घोषणा की कि उनके द्वारा सभी पूजा पंडालों को सहयोग राशि के रूप में 21-21 हजार रुपये माँ दुर्गा के चरणों में समर्पित किया जायेगा। दुर्गा की पूजा एक आस्था है। सभी पंडाल अपने विधि-विधान से उसे करेंगे, लेकिन वर्षों से जो परंपरा हम निभाते आएं हैं, उस पर किसी तरह की छेड़-छाड़ नहीं होगी। हम अपने परंपरा को ही निर्वाह करेंगे।चक्रधरपुर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन अनोखा और श्रद्धालुओं में काफी महत्व रखता है। जिस कारण विसर्जन जुलूस का रुट भी बदला नहीं जायेगा। सभी कमेटी विसर्जन को शांतिपूर्ण संपन्न करेंगे। किसी तरह का हुड़दंग नहीं करना है। कोरोना महामारी को लेकर सरकार के द्वारा जारी निर्देशों का भी सभी पूजा पंडाल निर्वहन करेंगे।