चाईबासा : चक्रधरपुर पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री सह प्रतिपक्ष नेता बाबूलाल मरांडी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जनजातीय मोर्चा के नगर अध्यक्ष रवि बांकिरा के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। बाबूलाल मंराडी के चक्रधरपुर पहुंचने पर तीन जगहों पर उनका स्वागत किया गया। पोटका आदिवासी मित्र मंडल में बाबूलाल मरांडी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। फिर वे शहर के पवन चौक पहुंचे। वहां भी स्वागत हुआ। इसके बाद भगत सिंह चौक पहुंचे जहां पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
स्व. लक्ष्मण गिलुवा के आवास पर पहुंचे
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी चक्रधरपुर पहुंचने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद स्व. लक्ष्मण गिलुवा के आवास पर पहुंचे। यहां पर स्व. लक्ष्मण गिलुवा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने उनकी पत्नी मालती गिलुवा और पुत्र अमित गिलुवा से मुलाकात कर हाल-चाल जाना। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण गिलुवा एक कद्दावर नेता थे। उनके जाने से पार्टी को भारी नुकसान पहुंची है। मेरा उनसे काफी अच्छा सम्बन्ध था। इस दौरान काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा ही करेगी झारखंड का विकास
पोटका के आदिवासी मित्र मंडल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड राज्य बना है। भाजपा के कार्यकाल में ही झारखंड का विकास होना है। सभी ने देखा है कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में कितने काम होते थे। सड़क भी बनी, गांव तक बिजली भी पहुंची। पुल पुलिया भी बनी। शुरु में जब झारखंड बना था, उस समय कईयों को बस दिए गये थे। बच्चियों को साईकिल दी गई थी। जितने भी गांव में हाट बाजार लगते थे, उसकी बंदोबस्ती गांव में ही कर दी गई थी। बालू घाट को फ्री कर दिया गया था।
अब लग रहा है प्रतिबंध
घर बनाएं, बाजार में बेचें या ससूराल ले जाएं। कोई रोकने वाला नहीं था। अब बालू ट्रैक्टर को पुलिस पकड़ लेता है। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी विकास कार्य की है और करनी चाहती है, दूसरे लोग उतना नहीं करेंगे। सरकार बने दो साल होने को चले हैं, कहीं कुछ दिख नहीं रहा है। इसलिए बीजेपी को मजबूत करना है। फिर से झारखंड बनाना है। सुंदर झारखंड बनाना है। विकसित झारखंड बनाना है। देश में नरेंद्र मोदी की सरकार है। गरीबों के खाते में पैसा भेज रहे हैं। किसानों के खाते में पैसा भेज रहे हैं। गरीब भूखे नहीं सोये। उसके लिए अनाज भी भेज रहे हैं। अनेकों कार्य किए हैं।
मौके पर ये थे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक शशिभूषण सामाड, डा. चुमनू उरांव, गुरुचरण नायक, पुतकर हेंब्रोम, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, जेबी तुबिद, विपिन पुरती, राजू कसेरा, विजय मेलगांडी, दीपक सिंह, रवि बांकिरा आदि मौजूद थे।