चाईबासा : झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन के आखरी दौर में मंत्री जोबा मांझी के विधानसभा मनोहरपुर में कार्यकर्ताओं में गुटबाजी देखी गई। मामला इतना बिगड़ा की मनोहरपुर और सोनुआ का पुनर्गठन का फैसला केंद्रीय कमेटी पर छोड़ना पड़ा। कार्यकताओं के अनुशासन हीनता पर मंत्री जोबा मांझी भी बिफर गईं।
गोइलकेरा में प्रखंड सम्मेलन
गोइलकेरा में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में विवाद और गुटबाजी के कारण मनोहरपुर और सोनुआ प्रखंड कमेटियों का पुनर्गठन नहीं हो सका। मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए रंजीत यादव, बंधना उरांव और मानुएल की दावेदारी सामने आई। कार्यक्रम स्थल पर रंजीत यादव गुट के ज्यादा कायकर्ता जुटे थे। उन्होंने अन्य दावेदारों के नामों का विरोध किया बवाल मचाया। नारेबाजी की। अंततः किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाने के कारण फैसला नहीं हो सका।
सोनुआ प्रखंड अध्यक्ष पर भी पेंच
इधर सोनुआ प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए भी सोहन माझी, हरिनारायण दास बागी और अजीत माझी गुटों में रस्साकशी देखी गई। नामों पर सर्वसम्मति नहीं बन पाने के कारण दोनों प्रखंड कमेटियों के पुनर्गठन को फिलहाल स्थगित रखा गया है। इस मामले में अब केंद्रीय कमेटी निर्णय लेगी। झामुमो की जिला संयोजक मंडली द्वारा मनोहरपुर और सोनुआ प्रखंड कमेटियों के पुनर्गठन में उपजे विवाद के निपटारे के लिए इसे पार्टी की केंद्रीय कमेटी के समक्ष पेश किया जाएगा।
मोदी लहर में भी भाजपा का सुपड़ा साफ है
कार्यकर्ताओं की हरकत देख झामुमो महासचिव ने कार्यकर्ता व विधायक को कर्तव्य बोध कराया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने का कर्तव्य विधायक से लेकर हर एक कार्यकर्ता को है। संगठन की मजबूती के कारण आज इस जिले में मोदी लहर में भी भाजपा का सुफड़ा साफ है। कार्यक्रम में गोइलकेरा, सोनुआ, मनोहरपुर, गुदड़ी और आनंदपुर प्रखंडों के सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता पहुंचे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता अनुशासनहीन दिखे। विवाद के बाद कार्यक्रम के बीच में ही कई कार्यकर्ता उठ कर वापस लौटने लगे। वहीं व्यक्ति विशेष के पक्ष में नारेबाजी भी की गई। यह दृश्य देख मंत्री जोबा माझी भी भड़क उठीं। उन्होंने माइक लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला मुख्य संयोजक सह विधायक सुखराम उरांव ने मंच से तीन प्रखंड कमेटियों की घोषणा की।
गोईलकेरा, आनंदपुर व गुदड़ी में सहमती
मनसुख गोप को गोइलकेरा, विजय भेंगरा को आनंदपुर और सुनील बुढ़ को गुदड़ी का प्रखंड अध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं सुरेश कुमार सुरीन को गोइलकेरा प्रखंड कमेटी का सचिव, जॉन डांग को आनंदपुर और दुलु लोमगा को गुदड़ी प्रखंड कमेटी का सचिव बनाया गया। कार्यक्रम में मंत्री जोबा माझी के अलावा विधायक सुखराम उरांव, दीपक बिरुआ, निरल पूर्ति, पार्टी के जिला सह संयोजक सोनाराम देवगम, मोनिका बोयपाई आदि मौजूद रहे।