जमशेदपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के स्थापना के पश्चात वर्ष 1980 में कोल्हान के जिला संयोजक एवं सिंहभूम के जिला महामंत्री रहे सच्चिदानंद राय (82) का शनिवार को निधन हो गया. पिछले कुछ दिनों से टाटा मोटर्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. वे हमेशा पार्टी के विस्तार और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहें. गुरुवार को उनके निधन की जानकारी मिलने पर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गयी. एक ओर उनके निधन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा समेत कई नेताओं ने गहरा शोक जताया है. वहीं, उनके निधन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने दिल्ली में पार्टी की प्रचंड जीत पर जिले में जश्न मनाने के सभी कार्यक्रम को रद्द कर दिया है. इससे पहले, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बारीडीह विजया गार्डन स्थित उनके आवास जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और निधन पर शोक व्यक्त किया. रविवार की सुबह 10:30 बजे सच्चिदानंद राय के पार्थिव शरीर को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय लाया जाएगा. जहां भाजपा कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई देंगे.