जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा जमशेदपुर का प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू को बनाया गया है. इस रेस में कई नेता थे, लेकिन पलटन मुर्मू को ही झामुमो कार्यकर्ताओं ने अपना नेता चुना. पलटन मुर्मू सिर्फ पार्टी के अध्यक्ष ही नहीं हैं बल्कि वे वर्तमान में हितकू पंचायत के मुखिया भी हैं. साथ में वे मुखिया संघ जमशेदपुर प्रखंड के अध्यक्ष भी हैं. इसके पहले भी वे एक बार मुखिया रह चुके हैं. एक सवाल के जवाब में पलटन मुर्मू ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस आशा से उन्हें अपना नेता चुना है वे उनकी आकांक्षाओं पर खा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा.
दो दशक से सींच रहे हैं पार्टी को
हितकू पंचायत के रहने वाले पलटन मुर्मू पिछले दो दशक से पार्टी में सिपाही के रूप में काम कर रहे हैं. इस बीच 2007 में पंचायत अध्यक्ष बनने का मौका मिला. 2012 में एक बार वे प्रखंड अध्यक्ष भी बनाए गए थे. इसके बाद 2021 में प्रखंड के सचिव भी बनाए गए थे.
दोनों विधायकों से सुझाव लेकर करेंगे काम
पलटन मुर्मू का कहना है कि उन्हें प्रखंड क्षेत्र में दो-दो विधायक हैं. एक पोटका विधायक संजीव सरदार और दूसरा जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी. दोनों विधायकों से वे सलाह-मश्विरा करके ही पार्टी को सींचने और आगे बढ़ाने का काम करेंगे.
संगठन को देंगे धार
बातचीत में पलटन मुर्मू ने कहा कि वे प्रखंड अध्यक्ष बनने के बाद संगठन की मजबूती पर ज्यादा ध्यान देंगे. साथ में संगठन को भी धार देने का काम करेंगे. प्रखंड क्षेत्र में जो भी समस्याएं आएंगी उसका समाधान कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर किया जाएगा.
प्रखंड क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना होगी प्राथमिकता
जमशेदपुर प्रखंड क्षेत्र में 55 पंचायत है. सभी पंचायत के गांवों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. इन क्षेत्रों में जो भी समस्याएं होंगी उसका समाधान कार्यकर्ताओं और कमेटी के लोगों के साथ बैठकर करने का काम किया जाएगा. प्रखंड अध्यक्ष बनाने पर उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के सभी झामुमो कार्यकर्तांओं का आभार व्यक्त किया है और कहा कि वे उनकी आशा पर पूरी तरह से खरा उतरने का काम करेंगे.