जमशेदपुर : मौसम ने शुक्रवार को अचानक से अंगड़ाई ले ली। हल्की बारिश के बाद कनकनी बढ़ गई है। इस साल का सबसे अत्यधिक ठंड का अहसास मौसम ने करा दिया है। बारिश के कारण जन-जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग अपने घरों में बंद हो गए हैं। सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। लोगों को लग रहा था कि ठंड बढ़ेगी। सुबह से लोग सूर्य देवता के दर्शन को तरस गए।
सुबह 10 बजे से शुरू हुई बारिश
शुक्रवार को सुबह 10 बजे से हल्की बारिश शुरू हुई। बारिश लगातार हो रही है। काम-काजी लोग आम दिनों की तरह ही अपने घरों से निकले थे, लेकिन बारिश के बाद उन्हें लगा कि उनकी तरफ से लापरवाही हुई है। गर्म कपड़े उनके कम पड़ गए थे।
गीले कपड़े को समेट लिया
मौसम की अंगड़ाई लेते ही गृहणियों को लगने लगा था कि अब बारिश होगी। बारिश के होते ही गृहणियों ने घरों के गीले कपड़े को घर के भीतर कर दिया। बारिश होने के कारण बाहर का काम-काज भी प्रभावित होता है।
बेघर-बंजारों की परेशानी बढ़ी
बारिश का मौसम खासकर ठंड के समय बेघर-बंजारों की परेशानी बढ़ जाती है। उनके सिर पर छत नहीं होने से उन्हें खासा परेशानी होती है। रात में तो वे कहीं पर भी सड़क किनारे दुकान के छज्जे के नीचे शरण ले लेते हैं, लेकिन दिन के समय उन्हें ज्यादा परेशानी होती है।
मौसम विभाग एक सप्ताह से दे रहा था चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से पिछले एक सप्ताह से चेतावनी दी जा रही थी कि ठंढ़ बढ़ेगी और बारिश भी हो सकती है। मौसम का मिजाज इस बीच बदल भी रहा था, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। हालाकि पिछले पांच दिनों ठंड में बढ़ोतरी हुई है।