सरायकेला : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा “पुअर लेडी” कहे जाने पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन ने तीख़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. चंपाई ने कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक साधारण आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचाना कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को बर्दाश्त नहीं हो रहा है.
कांग्रेस ने आदिवासियों की संस्कृति और धर्म को खत्म करने का प्रयास किया
चंपाई सोरेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक गरीब आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचाया है. कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में शायद कभी संभव नहीं हो पता. सोनिया गांधी का बयान पूरे आदिवासी समाज के लिए अपमानजनक है. इसका विरोध किया जाएगा. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजतक कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों के हित में कुछ भी नहीं किया. उल्टा कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों की संस्कृति, पहचान और धर्म को खत्म करने का प्रयास किया है.