रांची : राजधानी रांची में भाजपा नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में भाजपा, आजसू और जदयू कार्यकर्ता गुरुवार को सड़कों पर उतर आए. इसके साथ ही उनके द्वारा आहूत नौ घंटे का रांची बंद शुरू हो गया. बता दें कि भाजपा के रांची ग्रामीण जिला महासचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर की बुधवार को दिनदहाड़े रांची में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उसके बाद से ही उनके समर्थकों ने भारी रोष का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
इस बीच पार्टी का झंडा लेकर कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही रांची के हरमू, धुर्वा और पिस्का मोड़ सहित विभिन्न इलाकों में जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान जगह-जगह टायर जलाये गएं और जमकर नारेबाजी भी की गई. पार्टी प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा का कहना है कि राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और अनिल महतो टाइगर की हत्या के विरोध में शाम पांच बजे तक नौ घंटे के बंद का आह्वान किया गया है. इस बंदी को झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा, केंद्रीय सरना समिति और कुछ अन्य संगठनों ने भी समर्थन दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
इधर, रांची बंद को लेकर गुरुवार को शहर के अधिकांश स्कूल बंद रहे. वहीं, सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम दिखी. दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने भी विधि-व्यवस्था बनाये रखने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से व्यापक व्यवस्था की है. साथ, ही शांतिपूर्ण तरीके से बंद करने की प्रदर्शनकारियों से अपील की गई है.