Seraikela-Kharsawan : आदित्यपुर के आरआईटी जागृति खेल मैदान समेत निगम क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी खेल मैदानों को बचाने के उद्देश्य से जागृति मैदान में रविवार को स्थानीय लोगों ने एक दिवसीय धरना दिया। नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष और आदित्यपुर विकास समिति के संयोजक पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में चल रहे जन जागरण अभियान के तहत यह सांकेतिक धरना का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मैदान में खेलने वाले खिलाड़ी भी जुटे। मौके पर पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि विगत दिनों नगर निगम द्वारा प्रस्तावित नए कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा जागृति मैदान में की गई है। इसे लेकर लोगों में रोष व्याप्त है, इसी निर्णय के खिलाफ लोगों ने आंदोलन छेड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब इस मुहिम में नगर निगम के वार्ड पार्षद समेत खिलाड़ी और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिल रहा है। इसी मुहिम के तहत अब निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी खेल मैदानों को संरक्षित किया जाएगा ताकि मैदान में केवल सामाजिक और खेलकूद कार्यक्रम ही आयोजित हो सके। इधर, निगम क्षेत्र अंतर्गत कई मैदानों के अतिक्रमण के मुद्दे पर पुरेन्द्र नारायण ने कहा कि आगे आने वाले दिनों में खेल मैदान अतिक्रमण मुक्त किए जाने को लेकर भी अभियान चलाए जाएंगे। इस सांकेतिक धरना में स्थानीय वार्ड पार्षद पांडे मुखी, राजद नेता जयप्रकाश देवता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।